नितिन गडकरी ने नागपुर को दिया बड़ा तोहफा, डबल डेकर फ्लाईओवर का किया लोकार्पण, शहर के लोगों के लिए होगा गेम-चेंजर

अच्छी सड़कों और बुनियादी ढांचों के विकास के साथ साथ महा मेट्रो का भी विस्तार तेजी से ग्रामीण क्षेत्र तक पहुँचे इस उद्येश्य से मल्टी-लेयर ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम को आकार देते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को नागपुर में एलआईसी चौक से ऑटोमोटिव चौक (कामठी रोड) डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक कृष्णा खोपडे, सुलेखाताई कुंभारे, बंटी कुकडे, डॉ. विपीन इटनकर,अभिजित चौधरी, महामेट्रो के त्यागी, कोकाटे तथा सभी अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

एशिया के सबसे लंबे डबल डेकर वायाडक्ट में से एक है

महा मेट्रो और एनएचएआई द्वारा पूर्ण की गई यह महत्वाकांक्षी परियोजना एशिया के सबसे लंबे डबल डेकर वायाडक्ट में से एक है। 897 करोड़ रुपए की लागत से बने इस फ्लाईओवर में केवल डबल डेकर ब्रिज की लागत 573 करोड़ रुपए है। यह फ्लाईओवर नागपुर के लोगों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा और यहां की ट्रैफिक समस्याओं को काफी हद तक हल करेगा। 5.6 किमी लंबाई वाला 4-लेन कामठी रोड डबल डेकर फ्लाईओवर सबसे लंबा सिंगल कॉलम पियर्स-सपोर्टेड डबल डेकर फ्लाईओवर है। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से इस पर पांच मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं।

पहली बार 1650 टन की क्षमता का स्टील ब्रिज तैयार किया गया है

प्राकृतिक रोशनी और हवा पर्याप्त मात्रा में फ्लाईओवर के भीतर प्रवेश कर सके इस उद्येश्य से फ्लाईओवर के स्ट्रक्चर में रिब और स्पाइन तकनीक का उपयोग किया गया है, जो एक उन्नत तकनीक हैं। यह स्ट्रक्चर एक फ्लाईओवर और मेट्रो मार्ग को जोड़ता है, जिससे एक चार लेयर का ट्रांसपोर्ट सिस्टम बनता है। इसके पहले लेवल पर हाईवे फ्लाईओवर है, दूसरे लेवल पर मेट्रो चलती है वही ग्राउंड लेवल पर पहले से मौजूद हाईवे है। विशेष रुप से गड्डीगोदाम के पास 1650 टन क्षमता का स्टील ब्रिज तैयार कर लगाया गया है। इतने वजन क्षमता वाले ब्रिज का निर्माण शहरी क्षेत्र में पहली बार हुआ है।

लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया जाएगा

एशिया में पहली बार बने इंजीनियरिंग के इस अद्भूत नमुने को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। यह परियोजना नागपुर-जबलपुर राजमार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत देगी। यात्री बिना किसी रुकावट के सीधे अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे। कामठी की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक लाभ होगा। वे यातायात सिग्नलों पर लगने वाली लंबी कतारों से बच सकेंगे और यात्रा का समय काफी हद तक कम हो जाएगा। कामठी रोड एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहाँ राजमार्ग के नीचे भारी यातायात होता है। यह फ्लाईओवर इस भीड़ को कम करेगा और यातायात को सुचारू और अधिक प्रभावी बनाएगा।

यह भी पढ़ें- Make In India के 10 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने लिखा लेख ‘इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर अंतरिक्ष तक के उत्पादों पर मेक इन इंडिया का बोलबाला

Related Articles

Back to top button