Mahila Samriddhi Yojana: जेपी नड्डा ने महिला समृद्धि योजना की शुरू, जानिए किन महिलाओं को मिलेंगे 2500 रूपये

दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा द्वारा दिल्ली के जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में शनिवार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, सह-प्रभारी डॉ अलका गुर्जर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद एवं प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा ऋचा पांडेय मिश्रा ने दिल्ली की अलग अलग स्थानों से आई महिलाओं को संबोधित किया और उन्हें महिला दिवस की बधाई दी।
इस मौके पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, संगीता यादव एवं दर्शना सिंह, मोर्चा की प्रभारी श्याम बाला, प्रदेश महामंत्री सरिता तोमर, प्रियल भारद्वाज एवं वैशाली पोद्दार सहित हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
इस विशाल कार्यक्रम की विशेषता रही की इसकी टैंट, साऊंड, हाल सजावट, मंच संचालन, खान पान, मीडिया व्यवस्था सभी कामों को महिला टीमों ने स्वंय किया। भाजपा के विभिन्न मोर्चों के प्रभारी सुमित भसीन के साथ प्रमुख पुरूष पदाधिकारियों ने केवल बाहरी सजावट व्यवस्था में सहयोग दिया।
दिल्ली और देश की महिलाओं को बधाई देते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा “दिल्ली की जीत में महिलाओं का एक बड़ा योगदान रहा है और आज दिल्ली में अगर भाजपा की सरकार बनी है तो उसमें महत्पूर्ण रोल यहां की महिलाओं का है इसलिए भाजपा सरकार ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 5100 करोड़ रुपये का इस साल के लिए महिला समृद्धि योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को देने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए मैं श्रीमती रेखा गुप्ता जी की सरकार को बधाई देना चाहता हूं। भाजपा ने 1952 में जब जनसंघ बना उस वक्त से ही महिला शक्ति को आगे बढ़ाने की बात कही थी और आज उसका परिणाम दिख रहा है।”
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि जब नारी शक्ति का विकास होता है तो दुनिया आगे बढ़ती है। आज देश की जनता का विश्वास से लोकसभा हो या राज्यसभा दोनों में सबसे ज्यादा सांसद भारतीय जनता पार्टी के हैं। पंचायत से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारीशक्ति नेतृत्व कर रही है, यह हम सब के लिए गर्व का विषय है। इतना ही नही आजादी के 75 साल के भारतीय इतिहास में अगर किसी महिला को 8 बार बजट पेश करने का सौभाग्य मिला है तो वह निर्मला सीतारमण जी को मिला है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अन्य राज्यों में भाजपा की दो महिला उपमुख्यमंत्री हैं और अब दिल्ली में मुख्यमंत्री महिला बनी है, यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। यह नारी शक्ति का सशक्तिकरण या आर्थिक सशक्तिकरण का भी रुप है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक कार्यों में पूरी तरह से व्यस्त होने के बावजूद समाजिक कार्यों में अपने आप को पूरी तरह से झोंक देने के लिए मैं आप सभी महिलाओं को साधुवाद देता हूं।
जेपी नड्डा ने बदलते भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि 6 करोड़ एम.एस.एम.इ. के पंजीकरण में 2.5 करोड़ महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है, 1.40 लाख स्टार्ट अप में से 57000 स्टार्ट अप में महिलाएं डायरेक्टर हैं। एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि पहले महिलाएं 200 सिगरेट के बराबर धुंआ अपने फेफड़ों में लेकर सुबह का नाश्ता तैयार करती थी लेकिन मोदी सरकार ने उज्जवला योजना के तहत 12 करोड़ महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देकर इस समस्या का समाधान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इज्जत घर बनाकर 12 करोड़ बहनों को सुविधा देने का काम भी किया गया। उन्होंने कहा कि आज प्रेगनेंसी के दौरान 26 हफ्तों की छुट्टी देने की अगर किसी सरकार ने व्यवस्था की तो वह मोदी सरकार ने किया है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री के आवास में महिला सुरक्षित नहीं थी तो फिर वह दिल्ली को क्या सुरक्षित रखता लेकिन आज हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि अब राज्य की महिला मुख्यमंत्री हैं तो पूरी दिल्ली सुरक्षित होगी। उन्होंने कहा कि वह खुद कहते थे कि वह काम चलाऊं मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आज मोदी जी ने एक टिकाऊं मुख्यमंत्री बनाकर दिल्ली को दिया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली में अब डबल इंजन की सरकार है इसलिए विकास की गति अब दोगुने रफ्तार से आगे बढ़ेगी। जिस प्रकार से पिछले 10 सालों से दिल्ली विकास से दूर है, अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वे सभी रुके हुए काम पूरे होंगे। दिल्ली की खोई हुई पहचान दिलाने के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह कृतसंकल्पित है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि महिला समृद्धि योजना हमारे संकल्प पत्र में दिल्ली की बहनों को हमारा वादा था। मैं मुख्यमंत्री बहन श्रीमती रेखा गुप्ता को बधाई देता हूं कि उन्होंने कैबिनेट में इसे स्वीकृति दे दी है। जल्द ही दिल्ली की गरीब बहनों को इसके 2500 रुपये मिलने शुरु हो जाएंगे। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है पंजाब की बहनों के साथ जो आम आदमी पार्टी सरकार ने धोखा दिया है उसके बारे में भी आम आदमी पार्टी को कुछ बोलना चाहिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर वायदा जो दिल्ली की बहनों से किया है वह पूरा करुंगी। दिल्ली में जहां-जहां भी सुविधा की जरूरत है पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली में वन स्टॉप सेंटर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनाने पर देश भर से मुझे मैसेज आ रहे हैं लोग बहुत खुश है कि इतना बड़ा साहस अगर कोई कर सकता था तो केवल भारतीय जनता पार्टी। महिला दिवस पर इससे बड़ा सम्मान बहनों का हो नहीं सकता।
रेखा गुप्ता ने कहा कि “आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है इसके लिए उनका बहुत बहुत आभार। मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसको जरुर पूरा करुंगी और साथ ही केन्द्र सरकार के साथ डबल इंजन की सरकार के रुप में हर वह काम करने की प्लांनिंग पूरी हो चुकी है जो दिल्ली को समृद्ध और सुरक्षित बना सके चाहे वह स्वास्थ्य के दिशा में हो या फिर शिक्षा की दिशा में।”
दिल्ली सीएम ने आगे कहा “मैं बताना चाहूंगी कि दिल्ली में सुरक्षा की दृष्टि से पिछले 15 दिनों में हर उन कामों की योजनाओं पर चर्चा की गई ताकि दिल्ली सुरक्षित रह सके। पिंक पुलिस स्टेशन और पिंक पीसीआर की संख्या बढ़ाएं जाने और उसमें महिला कंस्टेबल की संख्या बढ़ाने पर हमारी सरकार काम करेगी।” उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर जहां पर कोई महिला प्रताड़ित और परेशान हो, तो उन्हें मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पिंक पब्लिक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा और हर वह वायदा जो दिल्ली की बहनों से हमने किया है, वह पूरा करने का काम करते रहेंगे।
वनथी श्रीनिवासन ने कहा कि “आज संगठन में महिलाओं का एक महत्पूर्ण योगदान है। यहां तक कि पन्ना प्रमुख के रुप में महिलाएं काम कर रही है। 10 से अधिक राज्यों में महिलाओं ने प्रवास किया और दूसरे राज्यों में रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी को मैं धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने महिला मोर्चा को पूरी छुट दी ताकि हम अपने हिसाब से काम कर सके और आज उसका परिणाम सबके सामने हैं। राष्ट्र के निर्माण में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ सभी महिलाएं लगातार काम कर रही हैं इसलिए इस महिला दिवस के अवसर पर उन सभी महिलाओं का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने दिल्ली में लगातार मेहनत कर भाजपा की सरकार बनवाने में महत्पूर्ण योगदान दिया।
ऋचा पांडेय मिश्रा ने उन सभी महिलाओं का आज आभार व्यक्त किया जिन्होंने चुनाव में मेहनत की और भाजपा की सरकार बनाने में सबसे महत्पूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनाकर महिलाओं को जो सम्मान देने का काम किया है उसके लिए महिला मोर्चा हमेशा दिल्ली की सभी महिलाओं की ओर आभारी है।