Delhi Chunav 2025: अरविंद केजरीवाल को लगा बड़ा झटका, विधायकों के बाद ‘आप’ पार्टी के निगम पार्षद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल, हर्ष मल्होत्रा बोले परिवर्तन का दौर चल रहा है

दिल्ली चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका लगा। 8 विधायकों के बाद अब पार्षदों और सैकड़ों कार्यकर्ता भी पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में शनिवार को आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद सुनील कुमार चड्ढा, पूर्व निगम पार्षद किरण चड्ढा, संजय गुप्ता, राजू राणा, मनीषा संजय गुप्ता, राधा राजू राणा और समाज सेवियों करण छिकारा, गेंदा स्वामी, दीपक स्वामी एवं बलवान जी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर, सुल्तानपुर माजरा विधानसभा के प्रवासी प्रभारी डॉक्टर सहेंद्र सिंह रमाला और प्रदेश प्रवक्ता नितिन त्यागी उपस्थिति थे। हर्ष मल्होत्रा ने तीन बार के आप पार्षद सुनील चड्ढा एवं अन्य नेताओं को पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायकों ने एक साथ इस्तीफा देकर यह साबित कर दिया कि अब आम आदमी पार्टी से सिर्फ दिल्ली के लोगों का ही नहीं बल्कि पार्टी के नेताओं एवं समर्थकों का भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से विश्वास उठ गया है।

दिल्ली में इस वक्त परिवर्तन का दौर चल रहा है

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में अगर कोई भी विकास चाहता है या कोई ये चाहता है कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिल्ली वालों को मिले तो वह भाजपा के साथ आएगा और दिल्ली में इस वक्त परिवर्तन का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसलिए अभी आने वाले समय में और भी परिवर्तन देखने को मिलने वाले हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने यह भी कहा कि आज दिल्ली का हर जन प्रतिनिधि हो या नागरिक सब विकास की चाह में भाजपा की ओर देख रहे हैं।

केजरीवाल ज़मीनी राजनीति से कट चुके हैं

दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि आज अरविंद केजरीवाल ज़मीनी राजनीति से कट चुके हैं, उनकी हठधर्मी से दिल्ली नगर निगम 2 साल से अधिक से ठप्प है विकास रूक गया है और इसीलिए अब निगम पार्षद भाजपा की विकास नीति से जुड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Delhi Election 2025: देश भर में बहुत कुछ किया,अब दिल्ली वाले भी सेवा का मौका दें,परिवार की तरह रखूँगा ख्याल, दिल्ली रैली में बोले पीएम मोदी

Related Articles

Back to top button