विष्णुदेव साय ने ली छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री की शपथ, बोले डबल इंजन की सरकार राज्य में विकास की गति को नई दिशा दिखाएगी

छत्तीसगढ़ में बुधवार को नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम पद की शपथ ली। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साहू और विजय शर्मा को भी शपथ दिलाई। 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह को भाजपा ने स्पीकर बनाया।

रायपुर में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

इनके अलावा उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत और भी कई राज्य के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे।

शपथ समारोह के बाद छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा “विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी, आपके मार्गदर्शन में मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता के कंधों पर मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य का क्षण है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि भाजपा की “डबल इंजन” की सरकार छत्तीसगढ़ में विकास की गति को नई दिशा दिखाएगी।”

भाजपा ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके आदिवासी नेता साय (59) को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना था। उनके चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक तौर पर घोषणा की थी कि आप इन्हें विधायक बनाइए, इन्हें बड़ा आदमी मैं बनाऊंगा।

अब तक चार बार के विधायक, तीन बार के सांसद और छत्तीसगढ़ में भाजपा के अध्यक्ष की कमान संभालने वाले विष्णुदेव साय केंद्र सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

आदिवासी नेता विष्णु देव साय 2014-2019 तक रायगढ़ संसदीय क्षेत्र से बीजेपी सांसद रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में केंद्रीय खान, इस्पात राज्य मंत्री रहे थे। आदिवासी मतदाताओं के बीच उनका काफी सम्मान है।

 

Related Articles

Back to top button