कांग्रेस नेता को घर से घसीट कर ले गई पुलिस, माकपा-कांग्रेस ने किया थाने का घेराव

कोलकाता । मुर्शिदाबाद के सागरदिघी में कांग्रेस नेता को पुलिस घर से घसीट कर ले गई है। इसे लेकर माकपा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया है। उक्त नेता का नाम शहीदुल रहमान है। वह सागरदिघी युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया है कि शुक्रवार देर रात पुलिस की टीम शहीदुल के घर आई थी और उन्हें घसीट कर ले गई। जब कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से संपर्क साधा तो पहले बताया गया कि उन्हें हिरासत में लिया गया है लेकिन बाद में उन्हें गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। इसके बाद शनिवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए माकपा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना घेराव किया है।

विरोध प्रदर्शन में शामिल माकपा कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार बैरन विश्वास ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस पंचायत चुनाव से पहले माकपा कांग्रेस से डर रही है इसलिए उन नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है जिनका जनाधार है। पुलिस की मदद से चुनाव जीतने की कोशिश हो रही है जो सफल नहीं होने दिया जाएगा।

तृणमूल सांसद खलीलुर रहमान ने कहा कि कानून व्यवस्था का अनुपालन करना पुलिस का काम है। इसके लिए पुलिस क्या कुछ करेगी यह उन्हें सोचना है। इसमें पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।

Related Articles

Back to top button