वृन्दावन के ब्रजराज उत्सव में शामिल होंगे पीएम मोदी, हेमा मालिनी करेंगी मीराबाई पर नृत्य नाटिका, सीएम योगी ने लिया तैयारियों का जायजा

मथुरा, कपिल देव सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 नवंबर को ब्रजरज उत्सव में शामिल होने वृन्दावन जाएँगे । उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन  विभाग की ओर से रेलवे मैदान पर 14 नवंबर से 27 नवंबर तक ब्रजरज उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कृष्ण भक्त संत मीराबाई का जन्मोत्सव भी मनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के दौरे के दिन मथुरा की सांसद और प्रसिद्द अभिनेत्री हेमा मालिनी कृष्ण भक्त मीराबाई पर अपनी नाट्य प्रस्तुति देंगी। उनका यह कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे का रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भक्त मीराबाई पर डाक्यूमेंट्री भी देखेंगे।

पीएम मोदी के मथुरा वृंदावन दौरे की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन पहुंचे। उन्होंने उत्सव की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का अधिकारियों के साथ जायजा लिया। सीएम योगी ने श्री बांके बिहारी मंदिर  जाकर, वहां दर्शन पूजन किए और प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामना की।

मुख्यमंत्री योगी ने प्राचीन मदन गोपाल मंदिर में भी जा कर वहां दर्शन-पूजन किया। वहां से वे धोली प्याऊ के रेलवे मैदान पर चल रहे ब्रजरज उत्सव मेले में पहुंचे। वहां सीएम योगी का स्वागत सांसद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शेलजा कांत मिश्रा, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मथुरा के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह और पूर्व सांसद तेजवीर सिंह आदि ने किया।

 

मुख्यमंत्री  योगी ने पूरे मैदान में घूम कर सारी व्यवस्थाओं को परखा। मैदान में भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी को 23 नवम्बर को प्रधानमंत्री के आगमन पर की जा रही तैयारियों के बारे में बताया।

उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप ने मुख्यमंत्री योगी को बुकलेट के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

इसके बाद सीएम योगी ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक की और कई दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button