Neeraj Chopra: पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने एक ही थ्रो से जीत लिया सिल्वर मेडल, गोल्ड मेडल हुआ पाकिस्तान के नदीम के नाम

पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उन्होंने 89.45 मीटर का थ्रो फेंका। वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर का थ्रो फेंककर ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने कांस्य पदक जीता, जिन्होंने 88.54 मीटर दूरी तक थ्रो किया।

नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर रजत पदक किया हासिल  

नीरज चोपड़ा का पहला प्रयास फाउल रहा था। हालांकि दूसरे प्रयास में नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर रजत पदक हासिल किया। उसके बाद नीरज के शेष प्रयास फाउल रहे। ऐसे में सिर्फ एक सफल थ्रो के जरिए ही नीरज ने दूसरा स्थान हासिल किया। यह उनका सीजन का बेस्ट थ्रो है, इससे पहले उनका बेस्ट थ्रो ओलंपिक्स के क्वालीफिकेशन में आया था, जहां उन्होंने 89.34 मीटर की दूरी तय की थी।

पाकिस्तान के खाते में स्वर्ण

पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम ने नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए अपने दूसरे थ्रो में ही 92.97 मीटर का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने छठा और आखिरी थ्रो 91.79 मीटर का फेंका। इस तरह नदीम ने स्वर्ण पदक जीता। पाकिस्तान का 1992 बार्सिलोना ओलंपिक के बाद यह पहला ओलंपिक पदक है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को फ्रांस के पेरिस में चल रहे ओलंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। पीएम मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज असंख्य उभरते एथलीटों को अपने सपनों को साकार करने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया:

“नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के साक्षात उदाहरण हैं! उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा दिखाई है। भारत को खुशी है कि वह एक बार फिर ओलंपिक में सफल रहे हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वह असंख्य उभरते एथलीटों को अपने सपनों को साकार करने और हमारे देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें- KBC 16: केबीसी का नया सीजन 12 अगस्त से, इस बार खेल और सेट में हुए बड़े बदलाव, जीती हुई राशि एक बज़र से हो सकेगी डबल

Related Articles

Back to top button