लीबिया में आई बाढ़ ने मचाया त्राहिमाम, अब तक 11,300 लोगों की हुई मृत्यु

लीबिया के डेरना शहर में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हजार 300 हो गयी है, जबकि 10 हजार लोग लापता है। लीबिया की अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस और रेड क्रीसेंट सोसायटी फेडरेशन ने कहा कि मृतकों की संख्‍या बढ़ने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

खबरों के अनुसार ज्यादातर मृतकों को डेरना के बाहरी इलाके में सामूहिक रूप से दफना दिया गया। कुछ शवों को आसपास के शहरों में दफनाने के लिए भेज दिया गया है। इस बीच विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने लीबिया की स्थिति को बहुत गंभीर बताया है।

इससे पहले संयुक्‍त राष्‍ट्र ने कहा कि अगर चेतावनी और आपात प्रबंधन प्रणाली ने ठीक से काम किया होता तो लीबिया में आई बाढ की आपदा में हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। संयुक्‍त राष्‍ट्र विश्‍व मौसम विज्ञान संगठन के प्रमुख पेतेरी तालास ने कहा कि लीबिया में बेहतर तालमेल से चेतावनी समय से जारी की जा सकती थी और लोगों को सुरक्षित निकाला जा सकता था।

Related Articles

Back to top button