Asian Games 2023: एशियाई खेलों का हुआ समापन, भारत ने सारे रिकॉर्ड तोड़कर जीत डाले 107 मेडल, जानिए किस किस खेल में भारत ने जीते गोल्ड, सिल्वर और ब्राउनज़ मेडल

रंगारंग समारोह और मनमोहक आतिशबाजी के साथ चीन में हांगचोओ एशियाई खेल समपन्‍न हो गये। हॉकी टीम के गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश ने भारतीय तिरंगा लेकर मैदान में प्रवेश किया। एशियाई ओलंपिक समिति के कार्यकारी अध्‍यक्ष राजा रणधीर सिंह ने इन खेलों के औपचारिक समापन की घोषणा की। अगले एशियाई खेल वर्ष 2026 में जापान के नागोया में होंगे। इन खेलों में भारत 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41कांस्य सहित कुल 107 पदक जीतकर चौथे स्‍थान पर रहा।

हॉकी टीम के गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश भारत के ध्वजवाहक रहें। भारत ने वर्ष 2018 में जकार्ता में बनाए गए अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को 37 पदकों से पीछे छोड़ दिया है ।

19वें एशियाई खेलों में भारत ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए मेडल्स की झड़ी लगा दी और “इस बार 100 पार” के लक्ष्य से भी कहीं ज्यादा पदकों से झोली भरकर ऐतिहासिक ऊंचाई को छू लिया। भारतीय एथलीटों ने देश को सोने की चमक भी खूब दिखाई। खेलों के 14वें दिन 6 स्‍वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक भारत के हिस्से में आए। भारत को ऐतिहासिक 100वां मेडल महिला कबड्डी टीम ने सोना जीतकर दिलाया।

भारत की इस यात्रा पर हम नजर डालें तो सबसे ज्‍यादा 29 पदक एथलेटिक्स में मिले हैं। नीरज चोपड़ा ने गोल्ड और किशोर कुमार जेना ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पारुल चौधरी और अविनाश साबले का डबल पोडियम, तजिंदरपाल सिंह तूर का शॉट पुट खिताब, 4×400 मीटर रिले टीमों का शानदार प्रदर्शन और तेजस्विन शंकर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने के साथ-साथ डेकाथलॉन और ट्रैक एंड फील्ड के यादगार लम्हें इन एशियाई खेलों के साक्षी बने।

निशानेबाजी में भारत ने 22 पदक जीते और भारतीय निशानेबाजों ने 7 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की अगुवाई में सिफत कौर सामरा और पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिए। भारतीय क्रिकेट और कबड्डी टीमों ने भी स्वर्ण पदक जीते। पुरुष हॉकी में भारत ने स्वर्ण पदक जीता और पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा हासिल किया। हालांकि, महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भारत का पहला बैडमिंटन गोल्‍ड जीता। इस जीत के साथ सात्विक और चिराग बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच जाएंगे। एच एस प्रणॉय ने चोट के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक हासिल किया। रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले ने मिक्‍स्‍ड डबल्‍स टेनिस का खिताब जीता।

स्क्वाश में दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल संधू ने एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार ‍मिक्‍स्‍ड डबल्‍स का स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

तीरंदाजी में भारत ने 9 पदक हासिल किए और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए महिला कंपांउड के स्‍वर्ण पदक पर कब्‍जा किया। भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने भी सोना जीता। भारत ने 41 वर्षों में अपना पहला इक्वेस्ट्रियन यानी कि‍ घुड़सवारी में स्वर्ण पदक भी हासिल किया।

लवलीना बोरगोहेन ने रजत पदक और पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा जीता। साथ ही निकहत जरीन, प्रीति पवार तथा परवीन हुड्डा ने भी ओलंपिक कोटा हासिल किए। अदिति अशोक इन खेलों में रजत पदक जीतकर पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं।

पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती के 86 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक पुनिया को रजत पदक मिला है और दोनों भारतीय शतरंज टीमों ने भी रजत पदक जीते। इस तरह भारत ने एशियन में 107 पदकों के साथ अपने अभियान को विराम दिया।

Related Articles

Back to top button