महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान, जानिए कब होंगे चुनाव और किस दिन आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि  झारखंड की 81 सीटों के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आयेंगे।

झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा

केंद्रीय चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। इसमें सामान्य 44, एसटी 28 और एससी 9 सीटें हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव में 2.6 करोड़ से ज्यादा मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल 20281 क्षेत्रों में 29562 पोलिंग स्टेशन बनेंगे। शहरी क्षेत्रों में 5042 और ग्रामीण क्षेत्रों में 24520 मतदान केंद्र होंगे।

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 22 अक्‍तूबर को जारी की जाएगी। 29 अक्टूबर तक नामांकन-पत्र भरे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नौ करोड़ 63 लाख मतदाताओं के लिए एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए धनबल के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को निर्देश जारी किए गए हैं। राजीव कुमार ने कहा कि प्रवर्तन एजेंसियां ​​चुनावों में प्रलोभन की भूमिका समाप्‍त करने और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समन्वित तरीके से काम कर रही हैं।

राजीव कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को घर से मतदान की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी जायेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने महाराष्ट्र और झारखंड के मतदाताओं से लोकतंत्र के उत्सव में बडी संख्‍या में भाग लेने की भी अपील की।

उपचुनाव की भी हुई घोषणा

आयोग ने कई विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कार्यक्रम की भी घोषणा की। विभिन्न राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और केरल मेंवायनाड लोकसभा सीट के लिए 13 नवम्‍बर को उपचुनाव होंगे। उत्तराखंड की एक विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवम्‍बर को होगी।

यह भी पढ़ें- ‘इथेनॉल से चलने वाली कार और बाइक को लॉन्च करने की तैयारी चल रही है’ CII बायोएनर्जी समिट में बोले नितिन गडकरी

 

Related Articles

Back to top button