Haryana Chunav Result 2024: हरियाणा में BJP ने कर दिया बड़ा खेला, फिर बनेगी भाजपा सरकार

हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती जारी है और ताजा रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) तीसरी बार सरकार बनाने के करीब है। चुनाव आयोग (ECI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 10:45 बजे तक BJP 90 में से 49 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। हालांकि एग्जिट पोल में कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी की गई थी, लेकिन मौजूदा रुझानों से साफ है कि BJP लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बना सकती है।

चुनाव आयोग के मुताबिक अधिकांश सीटों पर 2 से 5 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इसके अलावा, 4 निर्दलीय उम्मीदवार और INLD व BSP के 1-1 उम्मीदवार भी बढ़त बनाए हुए हैं। अभी तक के रुझानों से BJP की स्थिति साफ मजबूत दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा सीट से 6,595 वोटों से आगे चल रहे हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के मेवा सिंह से है। दूसरी ओर, कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से 30,906 वोटों से आगे हैं, जहां उनका सामना BJP की मंजू से हो रहा है। हुड्डा की इस बढ़त से कांग्रेस के लिए कुछ उम्मीदें बनी हुईं हैं।

बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि पार्टी तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा, “चाहे नतीजे जो भी हों, यह EVM, चुनाव आयोग और भारत के लोकतंत्र की जीत है। जो लोग एग्जिट पोल देखकर जश्न मना रहे थे, अब उन्हें असली नतीजे देखने चाहिए। हरियाणा में BJP तीसरी बार सरकार बना रही है, और यह लोगों के BJP के काम पर विश्वास को दर्शाता है।”

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी भरोसा जताया कि अंतिम नतीजे बीजेपी के पक्ष में होंगे। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने पिछले दस वर्षों में हरियाणा के विकास के लिए बहुत काम किया है। बीजेपी ने ईमानदारी से सभी वर्गों के लिए काम किया है और हम इसे जारी रखेंगे। हमारी सरकार तीसरी बार हरियाणा में बनेगी।” हालांकि, कांग्रेस का मानना है कि ये केवल शुरुआती रुझान हैं और अंतिम परिणाम उनके पक्ष में जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी किसान हितैषी हैं, किसानों से साप्ताहिक संवाद करने के बाद बोले शिवराज चौहान

Related Articles

Back to top button