विक्रमादित्य सिंह ने दिन में दिया इस्तीफा, शाम को लिया वापस
राज्यसभा चुनाव में हार के बाद हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार सुबह अपने पद से इस्तीफे की घोषणा की थी। विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि वर्तमान परिस्थितियों में उनका सरकार में बने रहना सही नहीं है। लेकिन शाम को उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनकी जो भी बातें थीं, अब राज्य सरकार ने मान ली हैं, जिस कारण उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया है।
हालांकि दिन में शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर विधायकों की अनदेखी करने और अपने पिता का अपमान करने का आरोप लगाया है।
सिंह ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता की मूर्ति लगाने के लिए उन्हें 2 गज जमीन तक नहीं दी गयी। उन्होंने कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिसके नाम पर हिमाचल में सरकार बनी उसी की कोई कदर नहीं है।
बता दें कि विक्रमादित्य सिंह के पिता वीरभद्र सिंह 6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। विक्रमादित्य सिंह शिमला -ग्रामीण से विधायक हैं।